दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को हुई झमाझम बारिश, उमसभरी गर्मी से मिली निजात

WhatsApp Channel Join Now
दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को हुई झमाझम बारिश, उमसभरी गर्मी से मिली निजात


मुरादाबाद, 1 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद में शुक्रवार को दोपहर तक उमस भरी गर्मी के बाद शाम को एक घंटे की ताबड़तोड़ बारिश से महानगर में जगह-जगह जलभराव हो गया वहीं गर्मी से काफी हद तक निजात मिल गई।

शुक्रवार को मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों अनुसार शनिवार और रविवार को भी मुरादाबाद में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी भी होगी।

शुक्रवार को सुबह से शहरवासियों को उमस ने बेहाल किया। आज दोपहर तक धूप निकलने के कारण वातावरण में उमस बहुत ज्यादा बढ़ गई। कूलर और पंखे चलने के बाद भी लोग पसीने से भीग रहे थे। आज शाम साढ़े चार बजे अचानक काली घटाएं छाईं और देखते ही देखते ताबड़तोड़ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलने लगी। लगातार एक घंटे हुई बारिश से हाईवे समेत अन्य जगहों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सड़क पर जलभराव होने के कारण चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।

मौसम विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह वातावरण में नमी 70 फीसदी थी। हवा की गति पूरब से पश्चिम दिशा में 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विशेषज्ञ प्रो एके सिंह ने बताया कि बादलों की आवाजाही रहने के साथ ही मुरादाबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में अभी इस पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story