गोरखपुर जोन में पुलिस ड्यूटी प्रबंधन की नई शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर जोन में पुलिस ड्यूटी प्रबंधन की नई शुरुआत


गोरखपुर जोन में पुलिस ड्यूटी प्रबंधन की नई शुरुआत


गोरखपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रशासनिक एवं तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गोरखपुर जोन के सभी जनपदों में शनिवार से 'पुलिस ऑटो ड्यूटी प्रबंधन प्रणाली' लागू कर दी गई है। इस अत्याधुनिक डिजिटल व्यवस्था के लागू होने के साथ ही थानों में ड्यूटी रोस्टर तैयार करने और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी आवंटित करने की पूरी प्रक्रिया अब पारदर्शी, निष्पक्ष, तेज और पूरी तरह पेपरलेस हो जाएगी। इससे ड्यूटी वितरण में मानवीय हस्तक्षेप, पक्षपात और त्रुटियों की संभावनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।

यह अभिनव प्रणाली पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार द्वारा विकसित क्लाउड आधारित सेंट्रलाइज्ड कमांड कंट्रोल वेब एप्लिकेशन है, जिसका संचालन अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन, मुथा अशोक जैन के निर्देशन में किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक से लैस यह व्यवस्था पुलिस विभाग के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

बलरामपुर से शुरू हुई पहल, पूरे जोन में हुआ विस्तार

इस परियोजना की शुरुआत सर्वप्रथम जनपद बलरामपुर में प्रायोगिक रूप से की गई थी। निरीक्षण और फीडबैक के दौरान अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों को शामिल करते हुए प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया। इसके बाद प्रथम चरण में इसे देवीपाटन परिक्षेत्र के सभी जनपदों में लागू किया गया, जहां इसके सफल परिणाम सामने आए। द्वितीय चरण में बस्ती परिक्षेत्र के सभी जिलों में भी यह व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित होने लगी।

पूरे गोरखपुर जोन में एक समान व्यवस्था लागू करने के उद्देश्य से 31 जुलाई 2026 को सभी परिक्षेत्रों एवं जनपदों के राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आवश्यक प्रशिक्षण के उपरांत 1 अगस्त से इसे जोन के सभी जिलों में लागू कर दिया गया।

कुछ मिनटों में तैयार होगा ड्यूटी रोस्टर

नई प्रणाली के माध्यम से थानों में ड्यूटी रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया बेहद सरल और तेज हो गई है। पहले जहां ड्यूटी चार्ट तैयार करने में कई घंटे लग जाते थे, वहीं अब ऑटो-फिल, ड्रॉपडाउन विकल्प और स्मार्ट ऑटो ड्यूटी जनरेटर जैसी सुविधाओं की मदद से यह कार्य कुछ ही मिनटों में पूरा हो जाएगा। इससे पुलिस अधिकारियों का समय बचेगा और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।

रोटेशन आधारित और निष्पक्ष होगा ड्यूटी आवंटन

सॉफ्टवेयर में उपलब्ध स्मार्ट ऑटो ड्यूटी जनरेटर तथा PNO नॉर्मलाइजेशन तकनीक के माध्यम से ड्यूटी का आवंटन पूरी तरह रोटेशन आधारित होगा। इससे किसी भी कर्मचारी के साथ पक्षपात, सिफारिश आधारित ड्यूटी, डेटा ओवरलैपिंग अथवा मानवीय त्रुटि की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही स्मार्ट लीव मैनेजमेंट सिस्टम अवकाश पर चल रहे पुलिसकर्मियों की स्वतः पहचान करेगा, जिससे उन्हें गलती से ड्यूटी आवंटित होने की समस्या भी खत्म हो जाएगी।

मुख्यालय से होगी 24×7 लाइव निगरानी

नई प्रणाली का एक महत्वपूर्ण पहलू इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग क्षमता है। मुख्यालय स्तर पर उपलब्ध मास्टर लॉगिन के माध्यम से जोन, परिक्षेत्र और जनपद स्तर के अधिकारी किसी भी समय सभी थानों की स्थिति की लाइव निगरानी कर सकेंगे। किस थाने में कितनी पुलिस फोर्स ड्यूटी पर तैनात है, कितनी रिजर्व में उपलब्ध है तथा किस ड्यूटी में बदलाव किया गया है, इसकी जानकारी तत्काल प्राप्त होगी। ड्यूटी में किसी भी प्रकार के संशोधन या निरस्तीकरण के लिए अनुमोदन आधारित व्यवस्था लागू की गई है, जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता और अधिक मजबूत होगी।

सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड और आधुनिक तकनीक

यह प्रणाली MySQL डेटाबेस एवं मल्टी-लेयर ऑथेंटिकेशन तकनीक पर आधारित है। इसमें ड्यूटी से संबंधित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रूप से डिजिटल स्वरूप में संरक्षित रहेंगे, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा।

आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि

पुलिस विभाग का मानना है कि इस नई डिजिटल व्यवस्था से कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, समय की बचत होगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा तथा ड्यूटी प्रबंधन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनेगा। साथ ही पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता को भी नई मजबूती मिलेगी।

बलरामपुर पुलिस की इस अभिनव पहल का पूरे गोरखपुर जोन में विस्तार आधुनिक, तकनीक-संचालित और जवाबदेह पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story