डीआईजी ने औरैया पहुंचकर चहल्लुम को लेकर की शांति समिति की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
डीआईजी ने औरैया पहुंचकर चहल्लुम को लेकर की शांति समिति की बैठक


औरैया, 03 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आगामी चहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा के साथ कोतवाली क्षेत्र के दलेल नगर पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद किया। अधिकारियों ने आपसी भाईचारे, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।

दलेल नगर में आयोजित बैठक के दौरान डीआईजी यमुना प्रसाद ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का प्रतीक होते हैं। सभी लोग मिल-जुलकर चहल्लुम का पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

डीआईजी ने बताया कि जनपद में चहल्लुम पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story