डीआईजी ने दुग्धेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
देवरिया, 31 जुलाई (हि.स.)। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं अन्य अधिकारियों के साथ रुद्रपुर स्थित प्रसिद्ध दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने मंदिर परिसर में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट तथा पुलिस ड्यूटी की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों के साथ रुद्रपुर कस्बे तथा गौरीबाजार थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर सतर्क निगरानी रखने तथा कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा। निरीक्षण एवं पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेंद्र कुमार राय, नगर पंचायत रुद्रपुर के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव, प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर कल्याण सिंह सागर, थानाध्यक्ष गौरीबाजार मृत्युंजय राय सहित स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

