देवरिया : अब स्कैनर से खुलेगी ई-रिक्शा चालक की पूरी कुंडली, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : अब स्कैनर से खुलेगी ई-रिक्शा चालक की पूरी कुंडली, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल


देवरिया : अब स्कैनर से खुलेगी ई-रिक्शा चालक की पूरी कुंडली, यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल




देवरिया, 05 नवंबर (हि.स.)। देवरिया जिले में ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और चालकों की पहचान आसान बनाने के लिए यातायात पुलिस ने नई पहल शुरू की है। अब जिले के सभी ई-रिक्शा पर स्कैनर लगाए जाएंगे। मोबाइल से स्कैन करते ही यात्री को वाहन संख्या, चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और फोटो की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही चालक के खिलाफ दर्ज मुकदमों का विवरण भी सामने आ जाएगा।

गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर परिक्षेत्र के डीआईजी एस. चन्नप्पा ने दोपहर दो बजे इस योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने एक ई-रिक्शा पर स्कैनर लगाकर और चालक का विवरण दर्ज कराकर अभियान की शुरुआत की।

डीआईजी ने कहा कि इस व्यवस्था से यात्रियों को सफर के दौरान चालक की पहचान और उससे जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। यदि किसी यात्री का सामान ई-रिक्शा में छूट जाता है या किसी प्रकार का विवाद अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो वाहन और चालक का विवरण कुछ ही मिनटों में प्राप्त किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से पुलिस को भी संबंधित चालक तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इससे ई-रिक्शा से यात्रा करने वाले लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।

योजना के तहत ई-रिक्शा पर स्कैनर लगाने से पहले चालकों का पुलिस सत्यापन कराया जा रहा है। इसके बाद उनका पूरा विवरण डिजिटल माध्यम से दर्ज किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री और पुलिस मोबाइल से जानकारी प्राप्त कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story