डायल 112 को मिली नई ताकत, पुलिस बेड़े में शामिल हुई 19 इनोवा : रघुबीर लाल
कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया ही प्रभावी पुलिसिंग की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए डायल 112 सेवा को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी घटना पर पुलिस की पहुंच न्यूनतम समय में सुनिश्चित हो सके और आमजन को तत्काल राहत मिल सके। यह बातें बुधवार पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहीं।
शहर की आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट ने अपने वाहन बेड़े में 19 नई इनोवा गाड़ियों को शामिल किया है। इन आधुनिक वाहनों को आज पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जोन में तैनाती के लिए रवाना किया गया।
इन गाड़ियों के शामिल होने के बाद अब डायल 112 के तहत संचालित इनोवा वाहनों की संख्या बढ़कर 109 हो गई है। नई गाड़ियों को विशेष रूप से उन क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा जहां घटनाओं की संभावना अधिक रहती है या कॉल वॉल्यूम ज्यादा होता है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि डायल 112 सेवा वर्तमान में आम नागरिकों के लिए सबसे भरोसेमंद आपातकालीन व्यवस्था के रूप में स्थापित हो चुकी है। ऐसे में संसाधनों का विस्तार और तकनीकी मजबूती बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रिस्पॉन्स टाइम को लगातार कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि नई गाड़ियों से गश्त व्यवस्था में सुधार होगा और पुलिस की मौजूदगी अधिक प्रभावी ढंग से महसूस की जा सकेगी। इससे न केवल अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।
इस पहल के तहत आगे भी संसाधनों को बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सक्षम और आधुनिक बनाया जा सके।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

