नौकरी के बजाय उद्योग क्षेत्र में आगे आएं युवा : धर्मवीर

WhatsApp Channel Join Now
नौकरी के बजाय उद्योग क्षेत्र में आगे आएं युवा : धर्मवीर


नौकरी के बजाय उद्योग क्षेत्र में आगे आएं युवा : धर्मवीर


सुलतानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने युवाओं के लिए कहा कि युवा केवल सरकारी नौकरियों के पीछे न भागें, बल्कि उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में कदम बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनें।

पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित भगवान दक्ष प्रजापति जयंती एवं सम्मान समारोह के अवसर पर मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने शिक्षा और स्वरोजगार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित बनाना हर परिवार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से एक लक्ष्य तय कर पढ़ाई करने का आग्रह किया।

मंत्री ने युवाओं को केवल सरकारी नौकरी या सेवा तक सीमित न रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार माटी कला बोर्ड, खादी ग्रामोद्योग, जिला उद्योग केंद्र और कौशल विकास जैसी कई योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं के तहत प्रशिक्षण और बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि उद्योग क्षेत्र में कदम रखकर युवा न केवल खुद रोजगार पा सकते हैं, बल्कि 50 से 100 अन्य लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम बन सकते हैं।

नगर के लोहिया चौकी विवाद और बसंती देवी के मामले पर पत्रकारों के सवाल पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले को अनसुना नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व पुलिस कप्तान से भी इस संबंध में बातचीत हुई थी और अब नए पुलिस कप्तान से भी लगातार वार्ता चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पुलिस चौकी के लिए उपयुक्त स्थान तलाश कर समस्या का स्थायी निस्तारण कराया जाएगा।

जिले के स्थानीय राजनीतिक विवादों और कथित ऑडियो वायरल से जुड़े सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार निष्पक्ष जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करती है। पत्रकारों को धमकी मिलने से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह बात मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आई है और इस पर जांच कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story