हर पात्र मतदाता को सूची से जोड़ने के लिए विधायक घर-घर करें संपर्क : धर्मपाल सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हर पात्र मतदाता को सूची से जोड़ने के लिए विधायक घर-घर करें संपर्क : धर्मपाल सिंह


कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए विधायक और संगठन के पदाधिकारी बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाएं। घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे।

यह बातें शुक्रवार को कानपुर प्रवास के दूसरे दिन भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने चारों जिलों के विधायकों और संगठनात्मक पदाधिकारियों की बैठक में कहीं। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सुबह आठ बजे कानपुर महानगर उत्तर, कानपुर महानगर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण और कानपुर देहात की 14 विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक की। करीब एक घंटे चली बैठक में उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और कानून व्यवस्था से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। इसके लिए विधायक बूथ अध्यक्षों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें और विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनें।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से तय होती है। इसलिए बूथ अध्यक्षों के साथ लगातार बैठकें करने के साथ जनता के बीच भी मौजूदगी बनाए रखनी होगी। सरकार के कामकाज की जानकारी देने के साथ आम लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के प्रयास भी किए जाएं।

इसके बाद चारों जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों के साथ दूसरी बैठक हुई। इसमें मतदाता जोड़ो अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 युवा, 100 महिला और 50 सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाए। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची का परीक्षण करेंगे और जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची में नहीं हैं, उन्हें नियमानुसार पंजीकरण कराने में मदद करेंगे।

उन्होंने अभियान में वरिष्ठ और अनुभवी कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी देने पर जोर दिया। कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव और स्थानीय संपर्कों का लाभ लेकर अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाए, जिससे संगठन का हर कार्यकर्ता इसमें भागीदारी निभा सके।

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, प्रदेश मंत्री अनिल यादव, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष रामकिशोर साहू, क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह, आदित्य त्रिवेदी, राजेश पटेल, शिव सिंह भारती, समेत विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और विधानसभा प्रवासी मौजूद रहे। यह जानकारी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story