रेलवे डीजी ने किया देवरिया जीआरपी थाना का निरीक्षण,  यात्री सुरक्षा पर दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे डीजी ने किया देवरिया जीआरपी थाना का निरीक्षण,  यात्री सुरक्षा पर दिए आवश्यक निर्देश


रेलवे डीजी ने किया देवरिया जीआरपी थाना का निरीक्षण,  यात्री सुरक्षा पर दिए आवश्यक निर्देश


देवरिया, 18 जुलाई (हि.स.) । राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के महानिदेशक (डीजी) प्रकाश डी. ने शनिवार को दोपहर जीआरपी थाना का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र उपस्थिति थे।दाेनाें अफसराें ने थाना परिसर, रेलवे स्टेशन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को यात्री सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सबसे पहले जीआरपी थाने के अभिलेखों, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद उन्हाेंने पुलिस अधीक्षक रेलवे, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह, जीआरपी प्रभारी देवरिया, आरपीएफ प्रभारी तथा स्टेशन अधीक्षक के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, आपसी समन्वय और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उत्कृष्ट कार्य करने पर महिला मुख्य आरक्षी कविता और महिला मुख्य आरक्षी प्रतिभा को पुलिस महानिदेशक रेलवे ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस महानिदेशक ने कहाकि किसी प्रकार का अपराध करने वालों को बक्सा नहीं जाएगा, उसकी जगह जेल के सलाखें हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की, वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति से खाद्य पदार्थ या अन्य वस्तु ग्रहण न करें। अपने सामान और बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल जीआरपी, आरपीएफ अथवा निकटतम पुलिस कर्मी को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story