भक्ति केवल शब्दों से नहीं, कर्मों में प्रकट हो : माता सुदीक्षा जी महाराज

WhatsApp Channel Join Now
भक्ति केवल शब्दों से नहीं, कर्मों में प्रकट हो : माता सुदीक्षा जी महाराज


भक्ति केवल शब्दों से नहीं, कर्मों में प्रकट हो : माता सुदीक्षा जी महाराज


जौनपुर, 22 फरवरी, (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण का आयोजन देशभर के साथ जौनपुर में भी रविवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित यह अभियान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।जौनपुर में ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत 43 शाखाओं ने 25 स्थानों पर नदी, घाट और तालाबों की सफाई की। गोमती तट स्थित शाही पुल के पास हनुमान घाट एवं गोपी घाट पर यह अभियान श्याम लाल साहू संयोजक एवं अमरनाथ विश्वकर्मा क्षेत्रीय संचालक के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शाहगंज क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय संचालक राजेश कुमार प्रजापति ने किया। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक सैकड़ों सेवादारों और श्रद्धालुओं ने श्रमदान किया।इस मौके पर क्षेत्रीय संचालक अमरनाथ विश्वकर्मा ने कहा, “जल संरक्षण केवल पर्यावरणीय दायित्व नहीं, बल्कि आध्यात्मिक कर्तव्य भी है। जब हम प्रकृति की सेवा करते हैं, तो यह मानवता की सेवा बन जाती है।”मुखी श्री ओम प्रकाश विश्वकर्मा ने सत्संग में कहा, “सतगुरु माता जी का संदेश स्पष्ट है कि भक्ति केवल वाणी तक सीमित न रहे, बल्कि व्यवहार और कर्मों में दिखाई दे। सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है।”आयोजकों ने बताया कि देशभर में 25 राज्यों के 930 शहरों में 1600 से अधिक स्थलों पर लाखों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रत्येक स्थल पर सत्संग का आयोजन भी किया गया। मिशन की ओर से कहा गया कि ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सतत प्रयास है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story