देवीपाटन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, करेंगे रात्रि विश्राम

WhatsApp Channel Join Now
देवीपाटन मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, करेंगे रात्रि विश्राम


बलरामपुर ,10 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे है। वह यहां रात्रि विश्राम करेंगे और रविवार को शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना करेंगे।

देवीपाटन मंदिर द्वारा संचालित आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल परिसर स्थित हेलीपैड पर मुख्यमंत्री के पहुंचने पर देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला कार से देवीपाटन मंदिर पहुंचा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रविवार सुबह मुख्यमंत्री मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। पूजन के बाद मंदिर की गोशाला में गोसेवा करेंगे। इस दौरान वह गोवंशों को हरा चारा और गुड़ खिलाएंगे। इसके बाद मंदिर परिसर में आयोजित बालिका सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे मंदिर से रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन और नवरात्रि मेले को देखते हुए देवीपाटन मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के प्रवेश द्वारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story