विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक गति एवं गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाएं : रवनीत सिंह बिट्टू

WhatsApp Channel Join Now
विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक गति एवं गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाएं : रवनीत सिंह बिट्टू


मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने स्मृति-चिह्न भेंटकर रेल राज्य मंत्री का किया स्वागत

मुरादाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का मंगलवार को मुरादाबाद स्टेशन पर आगमन हुआ। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री स्पेशल ट्रेन से टनकपुर (पूर्वोत्तर रेलवे) में आयोजित रेल परियोजना उद्घाटन कार्यक्रम से वापसी के दौरान मुरादाबाद स्टेशन पर ठहराव के अवसर पर रुके। रवनीत सिंह बिट्टू ने विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक गति एवं गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता (मुख्यालय) अभिषेक चौधरी तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रेल राज्य मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने उन्हें पीतल नगरी के नाम से विश्वविख्यात मुरादाबाद की पीतल कला का स्मृति-चिह्न भेंट किया।

रेल राज्य मंत्री ने स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था, रेलवे ट्रैक की साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, पंखों, शेड, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने यात्रियों से संवाद कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। यात्रियों ने भी स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के प्रति संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ डॉग की सतर्कता एवं कार्यकुशलता से प्रभावित होकर रेल राज्य मंत्री ने उसे पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

इसके उपरांत रेल राज्य मंत्री ने मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मुरादाबाद मंडल में संचालित विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के उन्नयन तथा यात्री सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story