‘‘मेरा युवा भारत’’ का लक्ष्य देश के विभिन्न मामलों में युवाओं की भागीदारी तय करना : सीडीओ
--विकसित भारत 2047 के सपने पूरा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं पर: प्रो आनंद शंकर सिंह
--जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026, युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन
प्रयागराज, 24 फरवरी (हि.स)। मेरा युवा भारत, प्रयागराज, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के विशेष सहयोग से मंगलवार को महाविद्यालय में भारत सरकार की बहुप्रतीक्षित योजना ‘‘विकसित भारत युवा संसद 2026’’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, जिला विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद, युवाओं को राष्ट्रीय चर्चाओं में भाग लेने का अवसर प्रदान करता है। यह नेतृत्व, आत्मनिर्भरता, नागरिक भागीदारी को बढ़ावा देता है जिससे छात्रों को राष्ट्रीय मुद्दों में भागीदारी करने का अवसर प्राप्त होता है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित है जिसका लक्ष्य देश के विभिन्न मामलों में युवाओं की भागीदारी को तय करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ईश्वर शरण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद शंकर सिंह ने विकसित भारत युवा संसद पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं पर है। यूथ पार्लियामेंट के इस कार्यक्रम में नौजवानों के माध्यम से देश के नीति निर्माण में योगदान देने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा ऐसे कार्यक्रम देश भर में चलाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने की आवश्यकता है जो युवा विचारों को ज़मीनी स्तर से जोड़ता है।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम ‘‘मेरा युवा भारत, प्रयागराज’’ की उपनिदेशक जागृति पांडे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता व ‘‘शुरुआत, एक ज्योति शिक्षा की’’ के फाउंडर अभिषेक शुक्ला ने कहा कि विकसित भारत बड़े-बड़े भाषण, योजनाओं से नहीं बनता बल्कि छोटे-छोटे महत्वपूर्ण प्रयासों से बनता है जो किसी बच्चे, युवा की जिंदगी बदल सकता है। एक शिक्षित बच्चा परिवार को और परिवार समाज को बदल सकता है। शिक्षा अवसर बने, बोझ नहीं, इस बात का हमें ध्यान रखना होगा।
महाविद्यालय के पीआरओ डॉ मनोज दुबे ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ‘‘युवा कनेक्ट’’ के माध्यम से 42 प्रतिभागियों ने 50
Years of Emergency : Lesson for Indian Democracy विषय पर तीन-तीन मिनट का स्पीच दिया जिसमें जूरी मेंबर्स द्वारा चयन किए गए 10 प्रतिभागियों को राज्य विधानसभा में जाने का अवसर प्राप्त होगा। यूथ पार्लियामेंट में प्रथम स्थान पर वंशिका पाठक, द्वितीय अनुपम मौर्या, तृतीय अद्वय राय, चौथे सनिधि शेखर, पांचवे अभिनव दुबे, छठे अभिनव पाण्डेय, सातवें प्रशांत त्रिपाठी, आठवें श्रेया सिंह, नौवें श्वेतांक अग्रवाल तथा दसवें स्थान पर केतन मोदनवाल रहे। निर्णायक मंडल में अखिलेश पांडे रिटायर्ड आई.एफ.एस., प्रोफेसर शिवहर्ष सिंह डॉ अरविंद मिश्रा ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज, महेश त्रिवेदी यूथ लीडर तथा अभिषेक शुक्ला फाउंडर ‘शुरुआत एक ज्योति शिक्षा की’ रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट तथा मोमेंटो प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन अमरेश दुबे, अम्बेसडर वाईबी 20 ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना ईश्वर शरण महाविद्यालय के समन्वयक अरविंद मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ कृष्णा सिंह, डॉ गायत्री सिंह, डॉ रुचि गुप्ता, डॉ शैलेश कुमार यादव, डॉ आलोक मिश्रा तथा डॉ रेफाक अहमद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में अस्मिता पटेल, विपिन यादव, केतन मोदनवाल, स्वाति, अमित, अंशिका, शौर्य, सरोज, अंकित कन्नौजिया आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

