ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली देश की तस्वीर : दर्शना सिंह

WhatsApp Channel Join Now
ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली देश की तस्वीर : दर्शना सिंह


--विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहा मोदी सरकार का 12 वर्षों का स्वर्णिम कार्यकाल: दर्शना सिंह

प्रयागराज, 17 जून (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को आईटीआई स्थित एक गेस्ट हाउस में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह रहीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधान सेवक के रूप में पिछले 12 वर्षों में ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिन्होंने भारत की दिशा और दशा दोनों बदल दी हैं। उन्होंने कहा कि कई योजनाएं तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे कदमों ने देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। आज भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

विशिष्ट अतिथि एवं काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष तथा जिला प्रभारी अमरनाथ यादव ने कहा कि मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन का मूल मंत्र बनाकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराकर सरकार ने संवेदनशील एवं जवाबदेह नेतृत्व का परिचय दिया।

अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व निभा रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विश्व की सर्वश्रेष्ठ शक्ति बनाने के लिए संकल्पित है।

करछना विधायक पियूष रंजन निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास अब केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जनभागीदारी का व्यापक अभियान बन चुका है, जिससे गांव, गरीब, किसान और युवा सभी लाभान्वित हो रहे हैं। कोरांव विधायक राजमणि कोल ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं और विकसित भारत का सपना अब जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सम्मेलन में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन कर उपस्थित लोगों ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अनिल मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, डॉ. भगवत पांडेय, प्रदीप पांडेय, रामसुख कुशवाहा, राजेश्वरी तिवारी, राजमणि पासवान, सतीश विश्वकर्मा, मिथिलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story