फूलबाग फलमंडी में आग से तबाही, कांग्रेस ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग उठाई

WhatsApp Channel Join Now
फूलबाग फलमंडी में आग से तबाही, कांग्रेस ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग उठाई


कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर में फूलबाग स्थित अस्थायी फल मंडी में सोमवार को आग लगने से कई दुकानें जल गईं, जिससे लगभग 30 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया। कई परिवारों की बेटियों की शादी के लिए रखें रुपये भी इसी आग में जल गए। इस घटना ने पीड़ितों को आर्थिक रूप से पूरी तरह झकझोर दिया है। शासन-प्रशासन का दायित्व है कि ऐसे संकट में प्रभावितों के साथ खड़े होकर हर संभव मदद सुनिश्चित करे। यह बातें कानपुर महानगर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात के दौरान कही।

कानपुर महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता और कानपुर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेश चंद त्रिपाठी के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कानपुर नगर से मुलाकात कर पीड़ित परिवारों की स्थिति से अवगत कराया। साथ में पीड़ित परिवारों की महिलाएं और बच्चे भी थे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि, प्रभावित परिवारों को तत्काल दस लाख रुपये मुआवजा, आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे अपने जीवन को पुनः पटरी पर ला सकें। इस दौरान मुकेश वाल्मीकि, अजय श्रीवास्तव शीलू, पदम मोहन मिश्रा, किरण गुप्ता, विनोद अवस्थी, सुनील वाल्मीकि आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे। पीड़ित परिवार में बबली, शशि, सोनी चौरसिया, तुल्ला, सुनीता कश्यप, सनी कश्यप, राजकुमार कश्यप, दीपक, सुमन, ऊष्मा, रेनू जायसवाल, शशि वर्मा, किरण, रामदुलारी, राम कुमार गुप्ता, मैना देवी, माया देवी, प्रेम कश्यप, पप्पू, दीपक कुमार आदि थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story