देवा मेले की हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों ने जीता दर्शकों का दिल

WhatsApp Channel Join Now
देवा मेले की हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों ने जीता दर्शकों का दिल


बाराबंकी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में देवा मेला-2026 के हॉकी मैदान में आयोजित नॉकआउट हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार काे चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और संघर्ष का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना।

पहला मुकाबला शिवगढ़ नगर पंचायत और टाउन हॉल क्लब शाहजहांपुर के बीच हुआ। इसमें शिवगढ़ नगर पंचायत की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में गोला गोकर्णनाथ की टीम ने आरएसए शिवगढ़ को कड़े संघर्ष के बाद 1-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में बाबू श्रीश चन्द्र हॉकी अकादमी, हरदोई और नगर पंचायत शिवगढ़ की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें नगर पंचायत शिवगढ़ ने 2-1 से जीत हासिल की। चौथे मुकाबले में गोला गोकर्णनाथ और आजमगढ़ की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। निर्धारित मुकाबले के बाद ट्राईब्रेकर में गोला गोकर्णनाथ ने 3-2 से जीत दर्ज की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अंपायर्स कमेटी के चेयरमैन अविनाश श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। डॉ. साहबुद्दीन खान, चौधरी मोहम्मद अशीरउद्दीन अशरफ, देवा मेला कमेटी के सदस्य एवं हॉकी संयुक्त सचिव, दानिश खान, अदील अहमद, शानू और सैफ सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story