कार्यकर्ता पूरे मनोयोग व परिश्रम से चुनाव मैदान में उतर जाएं : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ता पूरे मनोयोग व परिश्रम से चुनाव मैदान में उतर जाएं : केशव प्रसाद मौर्य


--सपा की सरकार का मतलब अत्याचार : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज, 04 अप्रैल (हि.स)। संगठनात्मक सहित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होने अपने दो दिवसीय प्रयागराज प्रवास पर आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को लखनऊ रवाना होने से पूर्व सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की एवं लोगों की समस्याओं को भी सुना व सम्बंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब चुनावी बेला दूर नहीं है। कार्यकर्ता पूरे मनोयोग व परिश्रम से चुनाव मैदान में उतर जाएं। किसी भी कीमत पर जनता के बीच विपक्ष की अफवाह न फैलने दें। क्योंकि विपक्ष को विकास हजम नहीं हो रहा और वो अफवाह व दुष्प्रचार का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का षडयंत्र रच रहा है। उन्होंने प्रयागराज महानगर, गंगापार एवं यमुनापार के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का आह्वाहन करते हुए कहा कि पूरी निष्ठा ईमानदारी व मेहनत से संगठन की मजबूती व 2027 में विजय पताका लहराने के लक्ष्य पर लग जाएं।

इस दौरान सर्किट हाउस में औपचारिक बातचीत में मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल कि अखिलेश यादव द्वारा ग्रीन कॉरिडोर पर प्रश्न उठाया जा रहा है, के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव ने विकास किया नहीं। इसके बाद सत्ता से 2017 में बेदखल हो गए। उसके बाद बार-बार वापसी की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जनता समाजवादी पार्टी का चरित्र जानती है। जनता जब अखिलेश यादव की सरकार को याद करती है तो कांप उठती है। उस समय न महिलाएं सुरक्षित थीं न व्यापारी सुरक्षित थे। पलायन की स्थिति बन गई थी। अराजकता का वातावरण था। दंगा प्रदेश बनकर खड़ा हो गया था। उन्होंने कहा कि कुम्भ व माघ मेले, कांवड़ यात्रा अयोध्या में रामभक्तों के साथ अत्याचार को याद करिए। सपा की सरकार मतलब अत्याचार ही अत्याचार और वो भी हिंदुओं पर अत्याचार करने वाली सरकार थी।

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर डिप्टी सीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र विरोधी घुसपैठियों व अराजकता को आश्रय देने वाली सरकार को भी जनता उखाड़ फेंकना चाहती है। भाजपा वहां पूरी ताकत से लगी है और पूरी उम्मीद है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। जिस तरह सत्ता से बाहर होने पर राहुल गांधी, अखिलेश यादव बौखलाहट में हैं उसी तरह ममता बनर्जी भी बौखलाहट में हैं। सत्ता की मलाई खाकर उन्होंने पश्चिम बंगाल को बर्बाद कर दिया है। पहले कम्युनिस्ट पार्टी और पिछले 15 साल से टीएमसी की सरकार ने कोई विकास नहीं किया। इस बार बदलाव निश्चित है।

मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा ने बताया कि इस दौरान भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, सांसद प्रवीण पटेल, रणजीत सिंह, विधायक पूजा पाल, डॉ शैलेश पांडेय, कुंज बिहारी मिश्रा, आनंद श्रीवास्तव, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, अनिल केसरवानी, विजय श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, रवि केसरवानी, रमेश पासी, प्रमोद मोदी, अजय सिंह, अरुण पटेल, पवन श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, दीप द्विवेदी, सुजीत कुशवाहा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story