याेगी सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संकल्पित - केशव प्रसाद माैर्य

WhatsApp Channel Join Now
याेगी सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संकल्पित - केशव प्रसाद माैर्य


याेगी सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संकल्पित - केशव प्रसाद माैर्य


-जनसंवाद से लेकर श्रद्धांजलि तक प्रयागराज दौरे में उपमुख्यमंत्री ने निभाई जन प्रतिबद्धता- प्रयागराज में प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को प्रयागराज के एक होटल में पं० दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यशाला के अंतर्गत सिविल लाइंस मण्डल कार्यशाला का उद्घाटन किया। वह प्रथम सत्र में सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। इसके उपरांत जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनने के बाद दिवंगत जनों के आवास पहुंच कर श्रद्धाजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने प्रदेश में सुदृढ़ हो रहे बुनियादी ढांचे, तीव्र गति से विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, ग्रामीण सड़कों के व्यापक निर्माण, किसानों के हित में लागू की गई योजनाओं, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों तथा गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में ऐतिहासिक सुधार हुआ है, जिससे निवेश का वातावरण सुदृढ़ हुआ है और प्रदेश देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संकल्पित है।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सिविल लाइंस में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय जनों के साथ ‘चाय पर चर्चा’ कर विभिन्न स्थानीय विषयों पर संवाद किया और जन समस्याओं को गंभीरता से सुना।

उप मुख्यमंत्री दारागंज में विपिन जायसवाल, आईटी मण्डल संयोजक के आवास पर पहुंचे और उनके दिवंगत पिताजी के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री पार्षद विनय कुमार मिश्रा (सिन्टू) के आवास पर पहुंचे और उनके दिवंगत भाई के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में विश्वविद्यालय मण्डल के शक्ति केंद्र संयोजक स्व. प्रकाश भट्ट के आवास पर पहुंचकर उनके स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके अतिरिक्त, कल्पना राजुल शर्मा, जिला सोशल मीडिया प्रमुख, महिला मोर्चा के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story