युवा अपने परिश्रम व प्रतिभा से राष्ट्र निर्माण में निभाएं अग्रणी भूमिका : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
युवा अपने परिश्रम व प्रतिभा से राष्ट्र निर्माण में निभाएं अग्रणी भूमिका : केशव प्रसाद मौर्य


--केशव प्रसाद मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की

--युवाओं को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने को प्रेरित किया

प्रयागराज, 22 अप्रैल (हि.स)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन हॉल में संस्कृति आईएएस कोचिंग संस्थान द्वारा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा 2024 में चयनित अभ्यर्थियों के प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित होते हुए उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि हमारे युवा देश, प्रदेश और अपने परिवारों के उज्ज्वल भविष्य के मजबूत स्तंभ हैं। आप अपने परिश्रम व प्रतिभा से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं, यही हमारी मंगलकामना है।

उन्होंने तीर्थराज प्रयाग की पावन धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम की भूमि है, जो ज्ञान, साधना और परिश्रम की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज देशभर के प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र है, जहां विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में रहकर भी सफलता अर्जित करते हैं। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य रखते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित कर रही है, जिससे योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सरकार कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर संस्कृति आईएएस द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘फंडामेंटल कोर्स’ का शुभारम्भ किया गया, जिसे मात्र 01 रूपये की टोकन राशि पर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराया गया है। इस पहल की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

संस्थान के निदेशक अखिल मूर्ति ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ शिक्षकगण सी.बी.पी. श्रीवास्तव, ए.के. अरुण, राजकुमार एवं के.पी. द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 सत्यकाम के अलावा यमुपनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापर अध्यक्ष निर्मला पासवान व अन्य गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story