डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बांकेबिहारी मंदिर में टेका माथा, 2027 में प्रचंड बहुमत के लिए मांगा आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बांकेबिहारी मंदिर में टेका माथा, 2027 में प्रचंड बहुमत के लिए मांगा आशीर्वाद


मथुरा, 13 मई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कान्हा की नगरी वृंदावन पहुंचे, जहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के लिए प्रार्थना की।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मौर्य ने कहा कि वे ठाकुरजी के अनन्य भक्त हैं और अक्सर उनका आशीर्वाद लेने आते रहते हैं। उन्होंने बताया कि मैंने ठाकुरजी से देश और प्रदेश की उन्नति की कामना की है। साथ ही, असोम की तर्ज पर 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने का आशीर्वाद मांगा है, ताकि प्रदेश में रामराज्य, सुशासन और सुदृढ़ कानून व्यवस्था कायम रहे। उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय मुद्दों और समसामयिक घटनाओं पर भी अपनी बात रखी। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत परिवार की महिलाओं पर दर्ज मुकदमों के सवाल पर उन्होंने आश्वासन दिया कि महिलाओं पर लगाए गए सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्होंने इसे एक अत्यंत पीड़ादायक घटना बताया और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

इससे पहले, केशव प्रसाद मौर्य ने मंदिर के सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी और आचार्य बालकृष्ण गोस्वामी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की। सेवायतों ने उन्हें ठाकुरजी का प्रसादी अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, दिनेश गोस्वामी और भाजपा मंडल अध्यक्ष जीतेंद्र वार्ष्णेय श्रोनूश् सहित कई गणमान्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story