सैफई में कथा कराएं अखिलेश, हमें नहीं है कोई आपत्ति : डिप्टी सीएम केशव मौर्य
बांदा, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को कथा पंडाल में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने धार्मिक आयोजन को लेकर विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी बांदा में कथा करा रहे हैं तो अखिलेश यादव भी सैफई में कथा करा सकते हैं, भाजपा को इससे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन धार्मिक आयोजनों और यात्राओं में किसी भी तरह का विघ्न डालने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने व्यास पीठ को नमन कर संत इंद्रेश जी महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि जब कथा चल रही हो और श्रद्धालु प्रभु की लीलाओं का श्रवण करने के लिए आतुर हों, तब किसी राजनेता को भाषण देने के बजाय स्वयं कथा सुननी चाहिए। समयाभाव के चलते वह पूरी कथा का श्रवण नहीं कर सके, लेकिन महाराज जी के आगमन से पहले ही पंडाल पहुंचकर श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखी।
अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज देश और प्रदेश में भव्य धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का विस्तार हुआ है। उन्होंने मथुरा का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत मेरे कान्हा का मंदिर भी बनकर रहेगा। सत्य की विजय को लंबे समय तक कोई रोक नहीं सकता।
उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सभी धर्मों और धार्मिक आयोजनों के प्रति सम्मान का भाव रखती है। किसी को भी कथा, धार्मिक यात्रा या श्रद्धालुओं की आस्था में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
डिप्टी सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए कहा कि जो कथा सुनता है, वह कमल का बटन ही दबाता है। उनके इस बयान ने धार्मिक मंच से सियासी संदेश देने का काम किया। इस दौरान उन्होंने चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत की शिवभक्ति की भी सराहना की। बताया कि विधायक बाबा भोलेनाथ की भक्ति में इतने लीन हैं कि करीब दो वर्षों से अन्न ग्रहण नहीं किया है।
अंत में उपमुख्यमंत्री ने राधे-राधे, जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ श्रद्धालुओं के मनोरथ सिद्ध होने की कामना की। कथा के मंच से केशव मौर्य का संबोधन जहां धार्मिक आस्था से जुड़ा रहा, वहीं अखिलेश यादव पर उनके सीधे हमले और कमल के बटन वाले बयान ने इसे राजनीतिक रंग भी दे दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

