उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नववर्ष पर कंबल वितरण कर बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नववर्ष पर कंबल वितरण कर बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद


कानपुर देहात, 01 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य नए साल के मौके पर कानपुर देहात के एक दिवसीय दौरे पर पहुँचे। उन्होंने जनपद में कई जगह पर कार्यक्रमों में शिरकत की और कानपुर देहात की जनता को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को कानपुर देहात पहुंचे। यहां पर उन्होंने बुजुर्गों के साथ नववर्ष मनाया। इस दौरान ठंड से राहत देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में आए हजारों बुजुर्गों को कंबल वितरित किए। डिप्टी सीएम ने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प ही सेवा है, और इसी भावना के साथ पार्टी का हर कार्यकर्ता जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहता है।

इस विशाल कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी द्वारा किया गया, जिसमें लगभग 10 हजार जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बुजुर्ग मौजूद रहे।

राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि नए साल की शुरुआत बुजुर्गों के साथ करने का उद्देश्य उनका सम्मान और सेवा है, क्योंकि यही वह वर्ग है जिसने आशीर्वाद और मत देकर जनप्रतिनिधियों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा ही सरकार की प्राथमिकता है।

वहीं पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने कहा कि यह कार्यक्रम जनता के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में भाजपा ने जनता के विश्वास से सरकार बनाई है और इसी विश्वास को निभाने के लिए पार्टी जनता की सेवा में समर्पित है। इसी के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भोगनीपुर के पूर्व विधायक विनोद कटियार के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पहुँचे और पूर्व विद्यायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story