बजट लैप्स हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के वेतन से होगी कटौती : सूर्य प्रताप शाही

WhatsApp Channel Join Now
बजट लैप्स हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के वेतन से होगी कटौती : सूर्य प्रताप शाही


कृषि मंत्री ने मंडल और जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने सोमवार को कृषि निदेशालय, लखनऊ में वर्चुअल बैठक कर कृषि योजनाओं की विस्तृत वित्तीय और भौतिक समीक्षा की। इस बैठक में मुख्य रूप से विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश के समस्त मंडलीय संयुक्त निदेशकों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।

समीक्षा बैठक के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंडलीय और जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के निकट होने के बावजूद यदि किसी भी जिले में आवंटित बजट लैप्स होता है, तो इसे कार्य के प्रति घोर लापरवाही माना जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देशित किया कि यदि बजट लैप्स हुआ तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के वेतन से उस धनराशि की भरपाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे अवशेष बिलों के प्रेषण और भुगतान की प्रक्रिया को तत्काल पूर्ण कर शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा जल संचयन, आर०ए०डी० योजना और कृषि उद्यमी स्वावलम्बन योजना की प्रगति में सुधार लाते हुए उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

इस बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, सचिव कृषि इन्द्र विक्रम सिंह, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, अपर निदेशक आर.के. मौर्य, अपर निदेशक अनिल पाठक, अपर कृषि निदेशक (प्रसार) डॉ. कनीज़ फ़ातिमा और संयुक्त निदेशक ब्यूरो अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story