देवरिया : प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने की जोरदार आजमाइश
देवरिया, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में चल रही 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को बालक वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में दमखम दिखाया। प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में जोरदार मुकाबले किए और अपने दांव-पेच से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन कुश्ती के मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वी को चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। किसी ने शानदार पकड़ और पलटवार से मुकाबला अपने पक्ष में किया तो किसी ने अंतिम क्षणों तक संघर्ष करते हुए जीत हासिल की। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने तकनीक, फुर्ती और शारीरिक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
खेल का शुभारंभ प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र, माधव प्रसाद सिंह और कैप्टन हरिकेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक विजय कुमार राय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए शिक्षक, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे। निर्णायकों ने निर्धारित नियमों के अनुसार मुकाबलों का संचालन कराया। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता के अगले चरण में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के मुकाबले जारी रहेंगे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. शशिपाल राव, डॉ. अभय द्विवेदी, मंडलीय अधिकारी अरुणेंद्र राय, संतोष सिंह, प्रभात रंजन, शैलेन्द्र कुमार सैनी, विपिन बिहारी चंद यादव, अजीत कुमार पटेल, संदीप कुमार सहित सभी खेल शिक्षक मौजूद रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

