देवरिया: मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया: मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं को किया जागरूक


देवरिया: मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं को किया जागरूक


देवरिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पुलिस की ओर से मंगलवार को ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ एवं ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीमों ने संचालित किया।

अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आपात स्थिति में सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।

थाना भाटपार रानी क्षेत्र में उपनिरीक्षक दुर्गेश बरनवाल, मुख्य आरक्षी विनय कुमार, आरक्षी प्रीतम कुशवाहा एवं महिला आरक्षी मीना यादव ने पीएनबी बैंक परिसर में महिलाओं और बच्चियों को जागरूक किया गया।

वहीं थाना बरहज क्षेत्र में उपनिरीक्षक अभिमीत कुमार, आरक्षी बबलू गिरी एवं महिला आरक्षी रजनी सिंह ने क्षेत्र में मौजूद महिलाओं, छात्राओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके अलावा जनपद के सभी थानों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं को जागरूक किया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story