देवरिया : चाकू से जानलेवा हमले में घायल महिला गोरखपुर रेफर
देवरिया, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बघौचघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कोइरीपट्टी में घर के बाहर झोपड़ी में सो रही महिला पर अज्ञात हमलावर ने बीते रात रविवार को चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मीना देवी पत्नी मंगल राजभर बीती रात में घर के बाहर बनी झोपड़ी में सो रही थीं। उनके पास 12 वर्षीय एक बच्ची भी सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और मीना देवी पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में महिला के गर्दन, सीने और पेट पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।
बगल में सो रही 12 वर्षीय बच्ची के अनुसार, हमले के बाद आरोपी तत्काल मौके से फरार हो गया। महिला के घायल होने की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल मीना देवी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवरिया जिले के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
परिजनों और पुलिस की मदद से घायल मीना देवी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
थानाध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि घटना के कारणों और हमलावर की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस आसपास लगे संभावित कैमरों और अन्य सुरागों की भी जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। महिला पर हमला किस वजह से किया गया और वारदात में कौन शामिल था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

