पूर्व सांसद के निधन पर श्रद्धांजलि देने यूपी के देवरिया पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व सांसद के निधन पर श्रद्धांजलि देने यूपी के देवरिया पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री


देवरिया, 11 नवंबर (हि.स.)। पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को केंद्रीय कानून मंत्री एवं बीकानेर के सांसद अर्जुनराम मेघवाल यूपी के जनपद देवरिया में उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री पूर्व सांसद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने गुरु नानक के निर्गुण भजन गाकर श्रद्धांजलि दी।

केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कुछ देर गांव में रहकर पूर्व सांसद के जीवन और उनके योगदान को याद किया। उनके आगमन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और पूर्व सांसद के शुभचिंतकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

इस अवसर पर मौजूद लोगों ने पूर्व सांसद के सैन्य जीवन, राजनीतिक सफर और सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों को याद किया। श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने सेना में रहते हुए देश की सेवा की और पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष के पद तक पहुंचे। सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। देवरिया के सांसद के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने गुरु नानक के निर्गुण भजन प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। उनके भजन सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक नजर आए। इस दौरान भाजपा के कई नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। गांव में सुबह से ही पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। उनके चाहने वालों और क्षेत्र के लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बरपार में श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story