देवरिया : कारोबार बढ़ाने के लिए लक्ष्य और ग्राहक की समझ जरूरी:श्रद्धा
देवरिया, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए केवल उत्पाद या सेवा अच्छा होना पर्याप्त नहीं है। उद्यमी को अपने अगले लक्ष्य, ग्राहक की जरूरत और उसके अनुभव को भी समझना जरूरी है। बुधवार को बरपार स्थित जागृति उद्यम केंद्र के बरगद सभागार में आयोजित तिमाही कार्यशाला में सात जिलों से आई महिला उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने के इन्हीं पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, संतकबीर नगर, बलिया और मऊ जिले की डिजिटल व अन्य सेक्टर की महिला उद्यमी शामिल हुईं। लिविंग माय ड्रीम की संस्थापक व करियर कोच श्रद्धा कलानी ने उद्यमियों को लक्ष्य निर्धारण, नेतृत्व, ग्राहकों को समझने और कारोबार को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के तौर–तरीके बताए।
उन्होंने उद्यमियों को अपने कारोबार की वर्तमान स्थिति पहचानने और अगले चरण तक पहुंचने के लिए जरूरी बदलाव तय करने की गतिविधि कराई। विजन बोर्ड के माध्यम से कारोबार, ग्राहक, मार्केटिंग, कमाई, टीम और नई स्किल से जुड़े लक्ष्यों को स्पष्ट करने पर जोर दिया। कहा कि लक्ष्य सामान्य रखने के बजाय उसे मापने योग्य बनाना चाहिए।
कार्यशाला में सक्सेस फ्रेमवर्क के तहत ग्राहकों को समझकर उनका भरोसा जीतने, आत्म-संदेह के बजाय साहस से आगे बढ़ने, जिज्ञासु बने रहने, नियमित रूप से काम करने, रिश्तों को मजबूत बनाने और समस्याओं का समाधान खोजने जैसे पहलुओं पर चर्चा हुई।
ग्राहक के कारोबार तक पहुंचने से लेकर खरीदारी और खरीद के बाद के अनुभव तक की पूरी प्रक्रिया को समझाते हुए बेहतर संवाद, स्पष्ट कीमत, गुणवत्ता, समय पर डिलीवरी और फीडबैक लेने की जरूरत बताई गई।
महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय से जुड़े हितधारकों की पहचान कर उनके साथ बेहतर संबंध बनाने और अगले 30 दिनों में किए जाने वाले ठोस बदलाव तय करने की गतिविधियां भी कराई गईं। इस दौरान इन्क्यूबेशन निदेशक विश्वास पांडेय, उद्यम कोर नित्या सिंह, सूर्यवंशी रॉय, रवि यादव, खुशबू शर्मा, मारकंडेय दयाल त्रिपाठी, मृण्मय आदि मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

