देवरिया : पथरदेवा टेंडर विवाद की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : पथरदेवा टेंडर विवाद की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित


देवरिया, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पथरदेवा नगर पंचायत में टेंडर खोलने को लेकर हुए विवाद की जांच के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने दो सदस्यीय कमेटी बुधवार काे गठित की है। इसमें मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) और वरिष्ठ कोषाधिकारी को शामिल किया गया है। कमेटी को टेंडर से संबंधित अभिलेखों की जांच कर मामले की पड़ताल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उधर, विवाद को लेकर पुलिस भी अपने स्तर से जांच कर रही है।

पथरदेवा नगर पंचायत में करीब सात करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाने हैं। इनमें से लगभग चार करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर नौ अक्टूबर को खोले जाने थे। इसी को लेकर आठ अक्टूबर की रात अधिशासी अधिकारी (ईओ) हिमांशु प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष और ठेकेदार पक्ष के बीच विवाद हो गया था। मामला बढ़ने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

ईओ हिमांशु प्रताप सिंह ने आरोप लगाया था कि ठेकेदार उन पर निर्धारित समय से पहले टेंडर खोलने का दबाव बना रहे थे। वहीं, ठेकेदार पक्ष का कहना था कि ईओ ने टेंडर खुलने से पहले नगर पंचायत अध्यक्ष क्रांति सिंह से मुलाकात करने को कहा था। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच विवाद गहरा गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।

विवाद के कारण चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों से संबंधित टेंडर अब तक नहीं खुल पाए हैं। इससे नगर पंचायत में प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी टेंडर से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाएगी कि पूरी प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन किया गया या नहीं।

इसी बीच कमीशन मांगने से संबंधित एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर खुद को सांसद का प्रतिनिधि बताते हुए सात प्रतिशत कमीशन मांग रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज किसकी है और कथित बातचीत किस संदर्भ में हुई थी।

प्रशासनिक कमेटी की जांच और पुलिस की पड़ताल के बाद ही टेंडर विवाद से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story