देवरिया में दिव्यांगजनों को बांटी ट्राइसाइकिल
देवरिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड परिसर पथरदेवा में सेवा सेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार वितरित किया। वहीं छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों का चिह्नांकन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए और विभागीय सेवाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

