देवरिया : तालाब में मिला मासूम का शव, दादा और नाती की तलाश जारी
देवरिया, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के लार थाना क्षेत्र के नेमा गांव में शुक्रवार को दादा अपने दो नातियों के साथ घर से निकले, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह गांव के तालाब में छह वर्षीय मासूम का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दादा और दूसरे नाती का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। दोनों के भी तालाब में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नेमा गांव निवासी पीतांबर चौहान (55) पुत्र रामपति चौहान शुक्रवार को अपने छह वर्षीय नाती शिवांश चौहान और आठ वर्षीय दूसरे नातीन को लेकर घर से निकले थे। शिवांश, पिंटू चौहान का बेटा था। देर शाम तक तीनों के घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गांव और आसपास के चौराहों पर तलाश करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव के तालाब में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। नाव की मदद से तालाब में दादा और दूसरे बच्चे की तलाश शुरू की गई।
सूचना पर लार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
एक मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, दादा और दूसरे नाती की तलाश जारी रहने से परिजनों रो-रोकर बेहाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

