देवरिया: यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर 152 वाहनों का किया चालान, 4 वाहन सीज
देवरिया, 18 अप्रैल (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की यातायात पुलिस ने शनिवार को शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए, साथ ही कई वाहनों को सीज किया गया।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड, सुभाष चौक और कसया ओवरब्रिज पर अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े होकर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की जांच की गई। साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस के चलने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चलाने, तीन सवारी बैठाने और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया। नियमों का पालन न करने वाले चालकों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। अभियान के दौरान कुल 152 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

