कॉलेज के गेट पर अवैध असलहे के साथ किशोर पकड़ा गया

WhatsApp Channel Join Now
कॉलेज के गेट पर अवैध असलहे के साथ किशोर पकड़ा गया


कॉलेज के गेट पर अवैध असलहे के साथ किशोर पकड़ा गया


देवरिया, 15 अगस्त (हि.स.)। शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के गेट पर शनिवार को छात्रों को अवैध असलहा दिखाकर धमकाने वाले एक किशोर को छात्रों ने पकड़ लिया। इसके बाद शिक्षकों ने उसे एक कमरे में बैठाकर मामले की सूचना पुलिस को दी। प्रधानाचार्य की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर की तलाशी ली, जिसमें उसकी कमर से अवैध असलहा बरामद हुआ।

कॉलेज गेट के पास एक किशोर छात्रों को असलहा दिखाकर परेशान कर रहा था। कुछ छात्रों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और विद्यालय परिसर में ले आए। शिक्षकों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाचार्य को सूचना दी। प्रधानाचार्य ने डायल 112 और कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोर को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी कमर से अवैध असलहा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद असलहे को जब्त कर लिया।

पूछताछ में किशोर ने खुद को बरियारपुर थाना क्षेत्र के घाटेला गाजी का निवासी बताया। पुलिस ने विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोर असलहा लेकर विद्यालय के गेट तक कैसे पहुंचा और उसका उद्देश्य क्या था।

कोतवाल शशांक भूषण राय ने बताया कि किशोर को अवैध असलहे के साथ पकड़ा गया है। उससे पूछताछ जारी है। बरामदगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story