देवरिया : अनुश्रवण समिति ने किया राजकीय बाल गृह का औचक निरीक्षण, कर्मचारियों के पांच माह का वेतन भुगतान कराने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : अनुश्रवण समिति ने किया राजकीय बाल गृह का औचक निरीक्षण, कर्मचारियों के पांच माह का वेतन भुगतान कराने के निर्देश


देवरिया, 18 सितंबर (हि.स.)। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धनेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को अनुश्रवण समिति ने राजकीय बाल गृह (बालक) का औचक निरीक्षण किया। समिति ने बच्चों के खान-पान, स्वच्छता, शिक्षा और गृह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष अभय कृष्ण तिवारी ने बच्चों को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रसोइया एवं अन्य कर्मचारियों के पांच माह से लंबित वेतन का नियमानुसार भुगतान कराने के लिए जिला परिवीक्षा अधिकारी को निर्देशित किया । उन्होंने बाल गृह के अभिलेखों का अवलोकन कर अव्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान आवासित बच्चों ने कंप्यूटर सीखने की इच्छा जताई। इस पर जिला परिवीक्षा अधिकारी को कौशल विकास योजना के तहत बच्चों को कंप्यूटर प्रशिक्षण दिलाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। समिति ने भंडार कक्ष और बच्चों के लिए तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की।

अधिकारियों ने बच्चों को समय-समय पर ताजे फल उपलब्ध कराने, साफ-सुथरे कपड़े पहनाने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। परिसर, भंडार कक्ष और अध्ययन कक्ष की साफ-सफाई तथा बच्चों के पठन-पाठन की व्यवस्था को और बेहतर करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (एसडी) अर्चना द्वितीय, सिविल जज (जेडी) दीक्षा त्रिपाठी तथा बाल गृह के प्रभारी अधीक्षक मौजूद रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story