देवरिया : पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस काे लेकर किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस काे लेकर किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण


देवरिया : पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस काे लेकर किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण


देवरिया, 13 अगस्त (हि.स.)। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने गुरुवार को देवरिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में चेकिंग व्यवस्था, पुलिस की तैनाती और यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की निगरानी के साथ ही स्टेशन परिसर में प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमानुसार जांच करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सदैव सतर्क और मुस्तैद रहना चाहिए। उन्होंने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ पुलिसकर्मियों को सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना देवरिया पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक और महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए नियमित चेकिंग, गश्त और निगरानी लगातार जारी रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सतर्कता के साथ ड्यूटी करने पर विशेष जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story