देवरिया : कैनसैट और रॉकेट्री की तकनीक से रूबरू हुए विद्यार्थी

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : कैनसैट और रॉकेट्री की तकनीक से रूबरू हुए विद्यार्थी


देवरिया, 24 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें रॉकेट तकनीक, कैनसैट तथा रोबोटिक्स की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से शनिवार को बरपार स्थित जागृति उद्यम केंद्र-पूर्वांचल के बरगद सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को रॉकेट प्रक्षेपण, पैराशूट खुलने और उपकरणों के सुरक्षित नीचे उतरने की प्रक्रिया समझाई गई। कार्यशाला के अंत में मिनी मॉडल रॉकेट का प्रक्षेपण भी किया गया।

केआइपीएम गोरखपुर के टीम लीडर सिद्धांश पांडेय ने कैनसैट और रॉकेट्री की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि रॉकेट प्रक्षेपण और उससे जुड़े उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझना अंतरिक्ष विज्ञान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों को कैनसैट और रॉकेट्री प्रतियोगिताओं के बारे में भी जानकारी दी।

वहीं, गुआवाबॉट स्टार्टअप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी राशि गुप्ता ने रोबोटिक्स तकनीक और भविष्य में इसकी संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को रॉकेट के अंतरिक्ष में प्रक्षेपित होने, पैराशूट खुलने और उपकरणों के सुरक्षित नीचे आने की प्रक्रिया से संबंधित वीडियो भी दिखाए गए। स्टार्टअप के सदस्य धीरज ने भी तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की।

जागृति के असिस्टेंट प्रोग्राम मैनेजर अनुराग तिवारी ने कहा कि संस्था विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और तकनीकी नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास कर रही है। ऐसी कार्यशालाओं से छात्रों को विशेषज्ञों से सीखने और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को समझने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान जागृति उद्यम मित्र अभिनव त्रिपाठी और कल्याण ने लघु मॉडल रॉकेट का प्रक्षेपण किया। इस अवसर पर सनबीम स्कूल के शिक्षक विंध्येश्वर, नाथ त्रिपाठी, अनामिका पांडेय, मनीष गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story