देवरिया : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने कसी नकेल, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
देवरिया, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर की अध्यक्षता में शनिवार को अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, चोरी, नकबजनी समेत गंभीर अपराधों की समीक्षा करते हुए वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी और मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला और बाल अपराधों को लेकर संवेदनशीलता बरतने तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए विवेचना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
साइबर अपराध, एनडीपीएस एक्ट, गौ-तस्करी, अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ थाना स्तर पर अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर परिणाममुखी कार्रवाई पर जोर दिया गया।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से पूरा कर निर्धारित समय में आरोपपत्र न्यायालय भेजने के निर्देश दिए। आईजीआरएस, जनसुनवाई और थानों पर आने वाले प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया।
रात्रि गश्त, चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखते हुए अफवाह, आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तकनीकी पुलिसिंग के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के सत्यापन के लिए यक्ष एप के नियमित उपयोग तथा साइबर अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन साई-वज्र के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। साइबर ठगी के मामलों में होल्ड अथवा फ्रिज कराई गई राशि को विधिक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों के खातों में वापस कराने के लिए लीन अमाउंट की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

