देवरिया: सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया: सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। देवरिया जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटीय गांवों और दियरा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निगरानी तेज कर दी है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

चुरिया, नदौली, खेमादेई और महलमंझरिया सहित दियरा क्षेत्र के गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को फसल और घरों के डूबने की आशंका सताने लगी है। नदी किनारे रहने वाले परिवारों के साथ ही खेतों में काम करने वाले किसान और मवेशी पालक भी पूरी तरह सतर्क हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो निचले इलाकों में जलभराव और कटाव की समस्या गंभीर हो सकती है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने राजस्व और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीमों को तटीय क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते बचाव के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। समाजसेवी शिवम सिंह, विजय यादव, देवानंद, मनोज, सतेन्द्र, रवि प्रकाश सिंह, अमरेश तिवारी और संजय समेत अन्य लोगों ने कमजोर तटबंधों की तत्काल मरम्मत, बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने और राहत सामग्री की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को समय पर सहायता मिल सके।

एसडीएम सलेमपुर दिशा ने बताया कि तैयारी शुरू है ।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story