देवरिया : कांग्रेसियों ने इंदिरा गांधी का शहादत दिवस मनाया, सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव को किया याद

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : कांग्रेसियों ने इंदिरा गांधी का शहादत दिवस मनाया, सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव को किया याद


देवरिया, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में शनिवार को टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने टाउन हॉल स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर उन्हें याद किया गया।

जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता कलेक्ट्रेट बार के वरिष्ठ अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी के जीवन, व्यक्तित्व और कार्यशैली पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं दार्शनिक बताया।

उत्तेज नारायण मिश्र ने इंदिरा गांधी के साथ बिताए कुछ पलों को साझा करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। जिला कांग्रेस प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी वास्तव में लौह महिला थीं। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया।

पूर्व शिक्षक मार्कण्डेय मिश्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी की शहादत को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि उनकी विदेश नीति और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत थी। देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह व्यास, सुनील कुमार तिवारी, जिला महासचिव आलोक त्रिपाठी राजन, रामप्रवेश सिंह, कुलदीप यादव, शहनाज जफर, जवाहरलाल बरनवाल, सत्य प्रकाश मणि, रीता देवी, ब्लॉक अध्यक्ष शेषनाथ गोड़, राकेश मणि, सरोज पांडेय, दीपक पटवा, इजहार सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story