देवरिया पुलिस ने साइबर ठगी के 30 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराये
देवरिया, 27 नवंबर (हि.स.) । साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को सुरौली पुलिस ने शनिवार काे राहत दिलाते हुए ठगी गई 30 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी। धनराशि मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि गोलौथा निवासी मुकेश कुमार गोंड का मोबाइल हैक कर साइबर ठगी की गई थी। पीड़ित ने 18 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद सुरौली साइबर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर 30 हजार की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस ट्रांसफर करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर मुकेश कुमार गोंड ने पुलिस टीम की त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

