देवरिया : मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण से ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी :  सूर्य प्रताप शाही

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया :  मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण से ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी :  सूर्य प्रताप शाही


-हेतिमपुर-पकड़ी वीरभद्र मार्ग के चौड़ीकरण को मिली मंजूरी : सूर्य प्रताप शाही

देवरिया, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के हेतिमपुर एनएच-28 से नौतन हथियागढ़ होते हुए पकड़ी वीरभद्र मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण को प्रदेश सरकार ने मंजूरी सोमवार को दे दी है। 3.30 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर करीब 10.70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से हेतिमपुर, कुंवरटोला, रमौली, कोटवा, नौतन हथियागढ़, पकड़ी वीरभद्र समेत आसपास के कई दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क बेहतर होने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण से ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

सड़क की स्वीकृति मिलने पर स्थानीय लोगों ने कृषि मंत्री का आभार जताया। इस दौरान हेतिमपुर नगर अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव, सभासद प्रतिनिधि धनंजय त्रिपाठी, अरविंद भारती, राजकेश्वर जायसवाल, मुन्ना पासवान, दिनेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, गुड्डू निषाद, अवधेश पांडेय, रमेश जायसवाल, त्रिलोकी गुप्ता, मैना सिंह और सुनील गिरी आदि ने खुशी जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story