देवरिया : दिशा की बैठक में विकास कार्यों की हुई समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध अनुपालन के दिए गए निर्देश
- सांसद ने जनपद के विकास के लिए समन्वित प्रयासों पर दिया जोर, डीएम ने समयबद्ध अनुपालन के दिए निर्देश
देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने सह-अध्यक्ष के रूप में प्रतिभाग किया। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सदर सांसद त्रिपाठी ने कहा कि जनपद के विकास से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्मित शौचालयों के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवहार परिवर्तन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि विभागों द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। गन्ने की खेती में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार कर जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी दी जाए।
सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने विद्युत, स्वास्थ्य सहित जनसुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, जल जीवन मिशन, विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं, पेंशन और शौचालय निर्माण समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हुई। लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता और परियोजना निदेशक, पीडी एनएचआई का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि दिशा बैठक का उद्देश्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय मजबूत करना है। बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध और अक्षरशः अनुपालन कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने पिछली बैठक के निर्णयों एवं निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा कराई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने अपनी योजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की।
बैठक में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सांसद बांसगांव प्रतिनिधि संजय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

