देवरिया : एचपीसीएल की भूमिगत पाइपलाइन के लीकेज की मरम्मत पूरी

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : एचपीसीएल की भूमिगत पाइपलाइन के लीकेज की मरम्मत पूरी


देवरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की भूमिगत पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत का काम शनिवार को पूरा कर लिया गया। पाइपलाइन में जंग लगने के कारण 28 सितंबर को लीकेज का पता चला था। इसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया था।

लीकेज का पता चलने के बाद खुदाई कर पाइपलाइन को बाहर निकाला गया। क्षतिग्रस्त हिस्से पर क्लैंप लगाकर प्रेशर टेस्ट किया गया, जिससे रिसाव पर नियंत्रण पा लिया गया। इसके बाद पाइपलाइन की क्षतिग्रस्त कोटिंग को भी दुरुस्त किया गया। एक अक्टूबर को वेल्डिंग के दौरान अचानक आग लग गई थी। हालांकि सुरक्षा टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थल को लोहे की चादरों से ढक दिया गया और अगले दो दिनों तक सावधानी के साथ मरम्मत का काम जारी रखा गया।

मरम्मत पूरी होने के बाद गड्ढे को भरने में भी विशेष सावधानी बरती गई। पाइपलाइन पर सीधे मिट्टी का दबाव न पड़े, इसके लिए पहले रेत की सुरक्षित परत बिछाई जाएगी। इसके बाद मिट्टी डालकर स्थान को समतल किया जाएगा।

एचपीसीएल अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि उनकी निगरानी में फायर एक्सटिंग्विशर और हाइड्रेंट लाइनें तैयार रखी गई थीं। तकनीकी टीमों के समन्वय से करीब पांच दिन तक चले मरम्मत कार्य को बिना किसी नुकसान के पूरा कर लिया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story