देवरिया : फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपित की तबियत बिगड़ी
देवरिया, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जब आरोपित को हिरासत में लिया तो कुछ घंटे बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पोखरभिंडा निवासी विनायक से उसकी मुलाकात हुई थी। उसने खुद को
फिल्म निर्माता बताते हुए कहा कि वो एक फिल्म बना रहा हैं जिसमें उसे हीरोइन बनाना चाहता हैं। आरोप है कि वो उसके झांसे में आ गई और उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती को पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है। तब युवती ने सदर कोतवाली में रविवार को आरोपित विनायक के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस रविवार सुबह करीब 11 बजे आरोपित को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। करीब तीन घंटे बाद दोपहर दो बजे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस आरोपित को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपित को मिर्गी की बीमारी है और हिरासत के दौरान उसे दौरा पड़ा था। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
सदर कोतवाल शशिभूषण राय ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर विनायक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को हिरासत में लेने के बाद उसकी तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

