देवरिया : शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव


देवरिया, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले में एक महिला ने युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर करीब चार साल तक संबंध रखने और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कंचनपुर गांव निवासी खुशरुद्दीन अंसारी, नूर मुहम्मद और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला के मुताबिक, करीब चार साल पहले बाजार आते-जाते समय उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। महिला का आरोप है कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर उससे दोस्ती बढ़ाई और बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए। दोनों के फोटो और वीडियो उसके ससुराल वालों तक पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया और ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया।

महिला का आरोप है कि इसके बाद युवक उसे हरियाणा ले गया। कुछ समय वहां रहने के बाद वह उसे दिल्ली ले गया, जहां एक ब्यूटी पार्लर में उससे काम कराया गया। आरोप है कि काम से मिलने वाली रकम भी युवक अपने पास रख लेता था। इस दौरान महिला उसके साथ ही रह रही थी।

महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने युवक से शादी करने की बात कही तो उसने धर्म परिवर्तन करने के बाद शादी करने का दबाव बनाया। महिला के अनुसार, इसी दौरान उसे युवक की कथित धार्मिक पहचान के बारे में जानकारी हुई।

महिला का आरोप है कि सात सितंबर को युवक उसे अपने घर ले गया। वहां उसके भाई और भाभी ने कथित तौर पर उसे बुर्का पहनाया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story