देवरिया में सर्विलांस सेल ने 50 लाख के 251 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में सर्विलांस सेल ने 50 लाख के 251 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए


देवरिया में सर्विलांस सेल ने 50 लाख के 251 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए


देवरिया, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के पुलिस की सर्विलांस सेल ने लगभग 50 लाख रुपये के 251 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को बुधवार को सौंप दिए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से की गई।

पुलिस अधीक्षकअभिजीत आर. शंकर ने बताया कि सर्विलांस सेल टीम ने गुम मोबाइल से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर लगातार काम करते हुए तकनीकी माध्यमों से ट्रैकिंग की। इसके परिणामस्वरूप कुल 251 आवेदकों के मोबाइल फोन बरामद किए गए। बुधवार को इन सभी मोबाइल फोन को नियमानुसार उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि इस उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्विलांस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 5,000 रुपये का पुरस्कार भी दिया गया। इस दौरान एसपी ने उपस्थित लोगों से संवाद कर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक भी किया।

उन्होंने बताया कि आजकल साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और ठग सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ईमेल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं। नागरिकों को सलाह दी गई कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक या ऐप से दूर रहें। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 जारी किया गया है, जिस पर तुरंत सूचना दी जा सकती है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 पर देने की अपील की गई।--------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story