देवरिया : त्योहारों को लेकर डीआईजी ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिये निर्देश
- बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पुलिस गश्त, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
देवरिया, 05 नवंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा ने पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी की। इसमें उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जिले के सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष गूगल मीट के माध्यम से जुड़े।
डीआईजी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहे। बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त की जाए। आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखें और छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करें। किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए स्थानीय नागरिकों और आयोजकों से संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी तैयारियां समय से पूरी करने और डीआईजी के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह और जिले के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

