देवरिया : नागरी सभा की मासिक कवि गोष्ठी में कवियों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : नागरी सभा की मासिक कवि गोष्ठी में कवियों ने बांधा समां


देवरिया : नागरी सभा की मासिक कवि गोष्ठी में कवियों ने बांधा समां


-श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को दी श्रद्धांजलि

देवरिया, 11 नवंबर (हि.स.)। नागरी सभा की मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्र कुमार दीक्षित की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राम मनोहर मिश्र माहिर की वाणी वंदना ‘कृपा करि द बरदनवा हो शारदा भवानी’ से हुआ। इसके बाद उपस्थित कवियों ने विविध भाव, रस और छंदों से सजी अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गोष्ठी में विकास तिवारी विक्की ने ‘एक बोतल जिसमें भरा था पानी’ कविता सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। मुकेश पांडेय ने ‘मत मारो तुम हमें गर्भ में, हम तो सोन चिरइया हैं, हे बाबू हे भइया, हम तो भविष्य रचइया हैं’ गीत प्रस्तुत कर भ्रूण हत्या के खिलाफ भावपूर्ण संदेश दिया। नीरजा सिंह ने ‘जिंदगी से न इतनी शिकायत करो, जिंदगी से जरा सी मोहब्बत करो’ गीत के माध्यम से जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। पार्वती देवी गौरा ने ‘जीवन के सांध्य काल में आलस कभी न करिए’ गीत सुनाया।

चर्चित गीतकार दया शंकर कुशवाहा ने ‘कभी खुशी तो कभी दर्द का फसाना है, ऐसे हालात में जीता ये जमाना है’ गीत प्रस्तुत किया। कवयित्री कीर्ति त्रिपाठी ने ‘अजीब उलझन है, दुश्वारियां बहुत हैं, कहने को सब अपने हैं, परछाइयां बहुत हैं’ कविता सुनाई। अंजलि अरोड़ा खुशबू ने अपनी गजल ‘जगमाती हुई जिंदगी के लिए, हम फिदा हो गए रोशनी के लिए’ सुनाकर वाहवाही बटोरी। भोजपुरी गीतकार सौदागर सिंह ने ‘बंसिया टेरले बाने जशोदा के ललनवा हो, भवनवा ना सोहाला सखिया’ कृष्ण भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए गीतकार सरोज कुमार पांडेय ने अपनी रचना ‘तुम सुंदर हो ये किसने कहा, तुम चंचल हो किसने कहा’ सुनाई। जितेंद्र प्रसाद तिवारी ने दीपदान के महापर्व से आलोकित सृष्टि और विश्व मंगल की कामना से जुड़ा गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्षीय काव्य पाठ में इंद्र कुमार दीक्षित ने ‘बीन बना सांसों का सरगम, आशा और निराशा, तुम्हीं कहो मैं कैसे लिख दूं जीवन की परिभाषा’ के माध्यम से जीवन की विसंगतियों को रेखांकित किया।

गोष्ठी में लालता प्रसाद चौधरी, कौशल किशोर मणि, पुष्कर तिवारी, एसएन मणि, एमपी गोंड और सुदीप मणि ने भी अपनी रचनाएं सुनाईं। सभा के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी ने कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार जताया। इस दौरान रवींद्रनाथ तिवारी, रमेश चंद्र त्रिपाठी, प्रियेश, सुभाष राय, जगदीश उपाध्याय, जवाहरलाल बरनवाल, रमिता जायसवाल और धीरज तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अंत में सभा के आजीवन सदस्य एवं पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद गोष्ठी का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story