भगवान धन्वंतरि की जयंती पर आरोग्य भारती ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
भगवान धन्वंतरि की जयंती पर आरोग्य भारती ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश


- स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है : डॉ. अजीत नारायण मिश्र

देवरिया, 06 नवंबर (हि.स.)। आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को आरोग्य भारती देवरिया के तत्वावधान में सिंगही में कार्यक्रम आयोजित कर भगवान धन्वंतरि की जयंती मनाई गई। इस दौरान आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने जनपदवासियों सहित समस्त देश और प्रदेशवासियों को धन्वंतरि जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। भगवान धन्वंतरि ने मानवता को आयुर्वेद का अमूल्य ज्ञान दिया। आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की कला है। स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सकारात्मक विचारों से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में आयुर्वेद, योग, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या का महत्व और अधिक बढ़ गया है। आरोग्य भारती गांव-गांव तक आयुर्वेद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, प्राकृतिक एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने और परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।

इस अवसर पर समाजसेवी सुरेश प्रसाद गुप्ता ने भगवान धन्वंतरि के साधक चिकित्सकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अमरनाथ पांडेय, डॉ. उपेंद्र गिरि, डॉ. श्वेता त्रिपाठी, डॉ. मयका, डॉ. साहब, डॉ. बीएल विश्वकर्मा, डॉ. सन्नो राय, अंजली दुबे, सूर्यांश कुमार मिश्रा, रुद्रांश मिश्रा, राजेश कुमार राजभर, सरिता पांडेय, बबीता पासवान, नीलू, अंकिता शर्मा, सुप्रिया, सुमन मालवीय और सूरज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773352 Articles

Share this story