देवरिया : पचलड़ी पिडरा घाट पर 37.58 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : पचलड़ी पिडरा घाट पर 37.58 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल


देवरिया, 01 नवंबर (हि.स.) देवरिया-रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर गौरा नदी के पचलड़ी पिडरा घाट में 242.48 मीटर लंबे नए सेतु के निर्माण की योजना तैयार की गई है। उक्त जानकारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता जेबी सिंह ने रविवार काे दी। उन्होंने कहा कि इस पर पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों सहित करीब 37.58 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सेतु को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। हालांकि, निर्माण कार्य वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

उन्होंने बताया कि पचलड़ी पिडरा घाट पर वर्ष 1988 में 120 मीटर लंबा सेतु बनाया गया था। बरसात के मौसम में गौरा नदी में बाढ़ आने पर पुल के पहुंच मार्ग पर कटान हो जाता है। इसके चलते आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। विभाग की ओर से प्रतिवर्ष मरम्मत कराकर रास्ते को यातायात के लिए चालू कराया जाता है।

अधिशासी अभियंता जेबी सिंह ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग ने आईआरआई रुड़की से सेतु की मॉडल स्टडी कराई थी। इसकी रिपोर्ट में मिले सुझावों के आधार पर पुराने पुल के समानांतर नए दीर्घ सेतु के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्तावित स्थल के अपस्ट्रीम में सात किलोमीटर दूर बोहाबर मार्ग पर और डाउनस्ट्रीम में 6.5 किलोमीटर दूर नारायणपुर में पहले से पुल निर्मित है।उन्होंने कहा कि

विभाग के अनुसार नए सेतु के निर्माण में करीब दो वर्ष का समय लगने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि इस दौरान पुराने पुल के पहुंच मार्ग पर सुरक्षित यातायात बनाए रखने के लिए अस्थायी सुरक्षात्मक कार्य कराने की तैयारी है। इसके लिए पुल को वित्तीय वर्ष 2026-27 की सेतु मरम्मत कार्ययोजना में शामिल कराते हुए आगणन शासन को भेजा गया है।

विगत दिनों हुई अत्यधिक बारिश के कारण पुराने पुल के पहुंच मार्ग पर कई जगह रेनकट बन गए हैं। विभाग की ओर से बोरियों में मिट्टी भरकर उनकी मरम्मत कराई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में पुल पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। नए पुल के निर्माण और पहुंच मार्ग की व्यवस्था बेहतर होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story